Uttarakhand: कॉर्बेट पार्क में रात्रि विश्राम का आखिरी मौका, मानसून सीजन से पहले बंद होगी सुविधा
29-May-2026 | जीवनशैली, उत्तराखंड, Tourism, Nanital | By SristiUttarakhand: अगर आप जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के मशहूर ढिकाला जोन के घने जंगलों में कुछ रातें बिताना चाहते हैं, तो अभी इसकी योजना बनाने का सही समय है। यह पार्क मानसून सीजन के लिए 15 जून को बंद हो जाएगा। अगर बारिश उससे पहले आ जाती है तो ये उससे भी पहले बंद हो सकता है।पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कॉर्बेट प्रशासन ने हर बार की तरह इस बार भी “करंट बुकिंग सिस्टम” लागू किया है, जिसके तहत अब हर दो दिन में आगामी दो दिनों के लिए ही ऑनलाइन बुकिंग खोली जाएगी।खूबसूरत ढिकाला जोन हर साल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। हालांकि, कॉर्बेट रिजर्व के भीतर ढिकाला और अन्य प्रमुख जोन में रात भर रुकने की सुविधा, हर साल मानसून सीजन में पांच महीनों के लिए बंद रहती है।इस बंदी के दौरान भी, पर्यटक कुछ चुनिंदा जोन में ‘डे सफारी’ का विकल्प चुन सकेंगे। हालांकि बहुत ज्यादा बारिश की स्थिति में इन जोन को भी अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है।
