होम / पोस्ट

Uttarakhand: मानसून के बाद चारधाम यात्रा ने फिर पकड़ी रफ्तार, बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ी

Uttarakhand: मानसून के बाद चारधाम यात्रा अब एक बार फिर रफ्तार पकड़ने लगी है, मौसम के खुलते ही भू-वैकुंठ बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ गई है। बुधवार को बदरीपुरी में करीब 4500 श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। इसके साथ ही कपाट खुलने से अब तक धाम पहुंचकर दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 17 लाख के पार पहुंच गई है।बदरीनाथ धाम का मौसम सुहावना होने के साथ ही धाम में दिनभर तीर्थ यात्रियों की आवाजाही बनी रही। मंदिर परिसर से लेकर बदरीपुरी के बाजारों तक श्रद्धालुओं की चहल-पहल दिखाई दी। मौसम अनुकूल होने से यात्रा मार्ग पर भी यात्रियों की आवाजाही बढ़ी है।मानसून के बाद शुरू हुए यात्रा के दूसरे चरण को लेकर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। धामों में दर्शन-पूजन व्यवस्था के साथ धर्मशालाओं और अतिथि गृहों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।यात्रा के दूसरे चरण में मौसम के अनुकूल रहने की स्थिति में बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन के सामने बढ़ती भीड़ के बीच श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की चुनौती भी रहेगी।फिलहाल, मौसम की करवट के साथ बदरीपुरी में एक बार फिर यात्रा का रंग दिखाई देने लगा है। मंदिर के आसपास गूंज रहे जय बदरी विशाल के जयकारे और श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही बता रही है कि चारधाम यात्रा का दूसरा चरण पूरी रफ्तार पकड़ने की ओर है।

3411

0 comment

एक टिप्पणी छोड़ें