होम / पोस्ट

Uttarakhand-देहरादून के नवनियुक्त सीडीओ दीपक सैनी ने संभाला कार्यभार

जनपद देहरादून के नवनियुक्त मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दीपक सैनी ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने शासन का आभार व्यक्त करते हुए जनपद के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने को अपनी प्रमुख प्राथमिकता बताया।मीडिया से बातचीत के दौरान सीडीओ दीपक सैनी ने कहा कि उत्तराखंड शासन ने उन्हें देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, जिसके लिए वह आभारी हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के भीतर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण पर रहेगा विशेष जोर
नवनियुक्त सीडीओ ने अपने कार्यकाल की प्राथमिकताओं को साझा करते हुए कहा कि ग्रामीण विकास और आजीविका संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।उन्होंने बताया कि जनपद में संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी। परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।इसके साथ ही ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

जनसमस्याओं के समाधान के लिए नियमित करेंगे क्षेत्रीय भ्रमण
सीडीओ दीपक सैनी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए नियमित रूप से क्षेत्रीय भ्रमण कर ग्राम पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने और विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने की बात भी कही।उन्होंने कहा कि देहरादून के पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पर्यावरण अनुकूल विकास, आपदा सुरक्षा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

टीम भावना और पारदर्शिता से विकास कार्यों को मिलेगी गति
नवनियुक्त सीडीओ ने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता के सहयोग से टीम भावना, पारदर्शिता और परिणामोन्मुख कार्यशैली के साथ कार्य किया जाएगा।उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों और प्रभावी कार्ययोजना के माध्यम से देहरादून जनपद में विकास कार्यों को नई गति प्रदान की जा सकेगी।

3397

0 comment

एक टिप्पणी छोड़ें

Latest Video

More Videos

side-banner

side-banner

side-banner