होम / पोस्ट

आवासीय भवनों में आग की घटनाएं होंगी आपदा घोषित, प्रभावितों को मिलेगी SDRF मानकों के अनुसार राहत

देहरादून। उत्तराखंड में अब आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा माना जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित लोगों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुसार राहत राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यह घोषणा की।इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने और आम लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आपदा बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन प्रशिक्षित लोगों के माध्यम से आम नागरिकों को आपदाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र या आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को लगातार आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।उन्होंने यह भी घोषणा की कि आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में मदद करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) 2026-27 का विमोचन भी किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण यहां आपदा प्रबंधन हमेशा एक बड़ी चुनौती रहा है। प्रदेश को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जनजागरूकता बढ़ाने के साथ सभी स्तरों पर आपदा से निपटने की तैयारियां मजबूत करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी आपदा प्रबंधन से जोड़ा जा रहा है।उन्होंने कहा कि आपदा के समय त्वरित कार्रवाई सबसे महत्वपूर्ण होती है। सूचना मिलते ही संबंधित तंत्र को सक्रिय होकर प्रभावित लोगों तक जल्द राहत और सहायता पहुंचानी चाहिए। पिछले दो-तीन वर्षों में प्रदेश ने कई आपदाओं का सामना किया है। इन परिस्थितियों में शासन-प्रशासन और केंद्र तथा राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने आपसी तालमेल से राहत एवं बचाव कार्य किए।

सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना एक बड़ी चुनौती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने समन्वय के साथ अभियान चलाया। प्रधानमंत्री लगातार अभियान की प्रगति की जानकारी लेते रहे। प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की टीमों ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया।मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के दौरान कई तकनीकी चुनौतियां आईं। श्रमिकों की सुरक्षित निकासी के लिए एक साथ कई वैकल्पिक उपायों पर काम किया गया और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की मदद ली गई। करीब 17 दिनों के प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय बाबा बौखनाग के आशीर्वाद, श्रमिकों के धैर्य, बचाव दलों की मेहनत और केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय को दिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की भूकंप संवेदनशीलता को देखते हुए भूकंप से बचाव के लिए मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी जोर दिया।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए पूर्व तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने सिलक्यारा अभियान को मानवीय संवेदनशीलता और बेहतर टीम वर्क का उदाहरण बताया।मुख्य सचिव ने कहा कि आपदा प्रभावित अंतिम व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचनी चाहिए। इसके लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग, केंद्रीय संस्थानों की विशेषज्ञता, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े अनुभवों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने की आवश्यकता भी बताई।सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सिलक्यारा बचाव अभियान, आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने, जोखिम कम करने, पूर्व चेतावनी प्रणाली, क्षमता विकास और भविष्य की कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 133 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित की गई हैं, जिनमें 2,250 सदस्य शामिल हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा और भरत सिंह चौधरी, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भण्डारी, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, सचिवगण और शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारी और विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

5625

0 comment

एक टिप्पणी छोड़ें

Latest Video

More Videos