देहरादून को वैश्विक आपदा प्रबंधन का केंद्र बनाने की दिशा में बड़ी पहल
28-Nov-2026 | जीवनशैली, उत्तराखंड, देश विदेश, Dehradun | By Sristiदेहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और तकनीकी संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड को आपदा प्रबंधन, अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी है। उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों, विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों और लगभग 50 देशों की भागीदारी इस सम्मेलन की व्यापकता को दर्शाती है। हिमालयन एकेडमी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी सहित आयोजन से जुड़ी सभी संस्थाओं का उन्होंने आभार व्यक्त किया।मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023 के सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि 17 दिनों के प्रयासों के बाद 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। उन्होंने गब्बर सिंह नेगी सहित सभी श्रमिकों के साहस और धैर्य की सराहना की। इस अभियान में इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार अभियान की जानकारी लेते रहे और आवश्यक मार्गदर्शन देते रहे।
धामी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण बाढ़, सूखा, भूस्खलन, वनाग्नि और चरम मौसमी घटनाओं की चुनौतियां बढ़ रही हैं। ऐसे में आपदा के बाद राहत पहुंचाने के साथ-साथ पूर्वानुमान, जोखिम की पहचान और समय रहते तैयारी करना जरूरी है।उन्होंने वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, 2021 की चमोली आपदा और सिलक्यारा घटना का जिक्र करते हुए हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशीलता पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, नेपाल, भूटान और तिब्बत सहित पूरे हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियों पर साझा रणनीति बनाना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक को आपदा प्रबंधन के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने आधुनिक तकनीक के साथ पारंपरिक ज्ञान को जोड़ने और इसका लाभ दूरस्थ गांवों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
सम्मेलन की थीम 'रेजिलिएंस स्टार्ट्स एट होम—एंटीसिपेटिंग रिस्क्स, बिल्डिंग रेजिलिएंस, ट्रांसफॉर्मिंग फ्यूचर' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आपदा से बचाव की तैयारी घर, गांव, स्कूल, कार्यालय और स्थानीय समुदाय से शुरू होनी चाहिए। सम्मेलन में छह महाद्वीपों के विशेषज्ञ हाइब्रिड एवं विकेंद्रीकृत माध्यम से जुड़ रहे हैं। इसमें 30 से अधिक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों तथा 30 से अधिक सहयोगी संस्थानों की भागीदारी है।मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में एसडीआरएफ को मजबूत करने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और स्थानीय समुदायों को प्रशिक्षित करने के प्रयासों की जानकारी दी। धराली आपदा का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद वे हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्र पहुंचे थे। इस दौरान गुजरात की एक महिला ने उन्हें धर्मभाई मानकर राखी बांधी थी।
उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में पर्यावरणीय संतुलन और मानव सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। कोई भी विकास कार्य मानव जीवन से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकता।कार्यक्रम में विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, वैज्ञानिक, विशेषज्ञ और अधिकारी मौजूद रहे।

