विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिया गया प्रशिक्षण
27-Nov-2026 | राजनीति, जीवनशैली, उत्तराखंड, देश विदेश, Dehradun | By Sristiदेहरादून, 27 नवंबर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में परेड ग्राउंड परिसर स्थित बॉक्सिंग हॉल में जनपद के लिए नियुक्त जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर निर्वाचन से जुड़े उनके दायित्वों, कार्यप्रणाली और विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कार्मिकों की शंकाओं को सुना और उनका समाधान किया।डीएम ने कहा कि विधानसभा चुनाव-2027 को निष्पक्ष, निर्बाध और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है और इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक निर्वाचन कार्मिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों से अपने दायित्वों को केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि राष्ट्र और राज्य के प्रति कर्तव्य निभाने के अवसर के रूप में लेने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही या चूक की कोई गुंजाइश नहीं है। किसी भी प्रकार की शंका होने पर संबंधित अधिकारी अपने उच्चाधिकारियों से समय रहते संपर्क करें।जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने और सभी निर्वाचन प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझने के निर्देश दिए। उन्होंने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने आवंटित क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले रास्तों, सड़क से उनकी दूरी, भवनों की स्थिति, आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं, कनेक्टिविटी और नेटवर्क की उपलब्धता का आकलन किया जाएगा। इसके अलावा वर्नेबल और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की मैपिंग कर विस्तृत डेटाबेस तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को निरीक्षण से जुड़ी जानकारी का सही संकलन और समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।प्रशिक्षण में नियुक्त 50 जोनल मजिस्ट्रेटों में से 46 और 239 सेक्टर मजिस्ट्रेटों में से 218 अधिकारी उपस्थित रहे।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेन्द्र कुमार तथा मास्टर ट्रेनर एवं निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह मौजूद रहे।

