होम / पोस्ट

गौ संरक्षण से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की समृद्धि: मुख्यमंत्री धामी

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया।कार्यक्रम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केन्द्र और श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण हुआ। वहीं, आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और आवासीय परिसर का शिलान्यास किया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। भगवान कृष्ण ने इसी पवित्र भूमि से मानवता को धर्म, कर्म और कर्तव्य का संदेश दिया। उनके जीवन के अनेक प्रसंग गौमाता के प्रति प्रेम और सम्मान को प्रदर्शित करते हैं। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण का महत्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी है।

उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समिति गौ सेवा को गोवंश संरक्षण के साथ आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़ रही है। वर्तमान समय में ऐसी व्यवस्था की आवश्यकता है, जहां प्राचीन भारतीय परंपराओं और आधुनिक विज्ञान का समन्वय हो।मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे भविष्य में पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। इन संस्थानों से शिक्षा और प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थी तथा शोधार्थी भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने में भी भूमिका निभाएंगे।उन्होंने मां यमुना के उत्तराखण्ड और ब्रजभूमि के बीच आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि यमुनोत्री धाम से निकलने वाली यमुना अनेक क्षेत्रों को जीवन प्रदान करती हुई ब्रजभूमि तक पहुंचती हैं। उत्तराखण्ड के हरिपुर-कालसी का भी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि प्राचीन समय में यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु हरिपुर-कालसी में यमुना स्नान के बाद अपनी यात्रा शुरू करते थे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिपुर-कालसी की धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के लिए वहां भव्य यमुना घाट का निर्माण कराया गया है, जिसका हाल ही में लोकार्पण किया गया। यहां मां यमुना की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है। उन्होंने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी पहुंचकर मां यमुना की आरती में शामिल होने का आमंत्रण दिया।उन्होंने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का वर्णन करने से नहीं, बल्कि ठोस प्रयासों से संभव है। नदियों और गोवंश का संरक्षण तथा अनुसंधान को प्रोत्साहन देना हमारी विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को अपना योगदान देना होगा। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों और सहयोगियों को विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास पर बधाई दी।कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित समिति के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

3609

0 comment

एक टिप्पणी छोड़ें

Latest Video

More Videos